साइबर अपराध के विरुद्ध नारायणपुर पुलिस की बड़ी सफलता,व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर पैसों की मांग करने वाला आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार,

साइबर अपराध के विरुद्ध नारायणपुर पुलिस की बड़ी सफलता,व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर पैसों की मांग करने वाला आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार
🔷 *तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पहुंची आरोपी तक, न्यायालय ने भेजा न्यायिक हिरासत में*
पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार के मार्गदर्शन, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, छोटे डोंगर श्री मनोज मंडावी एवं उप पुलिस अधीक्षक साइबर श्री आशीष कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में नारायणपुर पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना छोटे डोंगर पुलिस ने व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर प्रार्थिया का प्रतिरूपण करते हुए उसके परिचितों से पैसों की मांग करने वाले आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
घटना का विवरण:
प्रकरण में प्रार्थिया द्वारा थाना छोटे डोंगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 06.08.2026 को उसके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम आलोक बताते हुए कहा कि प्रार्थिया के नाम से ग्राम पंचायत छोटे डोंगर में सामान पहुंचा हुआ है। सामान प्राप्त करने के लिए उसने प्रार्थिया को एक नंबर डायल करने के लिए कहा।
प्रार्थिया द्वारा बताए गए नंबर पर कॉल करने के कुछ समय बाद उसका व्हाट्सएप अकाउंट अनधिकृत रूप से हैक कर लिया गया। इसके बाद आरोपी द्वारा प्रार्थिया के व्हाट्सएप अकाउंट का दुरुपयोग करते हुए उसके परिचितों एवं अन्य व्यक्तियों को उसकी पहचान से पैसों की मांग संबंधी संदेश भेजे जाने लगे। प्रार्थिया द्वारा इस प्रकार के कोई संदेश नहीं भेजे गए थे।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना छोटे डोंगर में अपराध क्रमांक 19/2026, धारा 319(2) भारतीय न्याय संहिता एवं 66(सी), 66(डी) सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस:
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा प्रकरण से संबंधित तकनीकी साक्ष्यों एवं डिजिटल जानकारियों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान एवं उसके ठिकाने की जानकारी प्राप्त कर पुलिस टीम द्वारा उत्तर प्रदेश पहुंचकर आरोपी रितेश गुप्ता, उम्र 22 वर्ष, निवासी बड़ा गांव, जिला बलिया, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी को विधिवत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी छोटे डोंगर निरीक्षक हरिशंकर प्रसाद ध्रुव, सहायक उप निरीक्षक रूमंत देवांगन, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक राजकुमार सोरी, आरक्षक कमल किशोर जोशी एवं साइबर सेल आरक्षक संदीप चौहान की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
नारायणपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर संदिग्ध मोबाइल नंबर, लिंक अथवा कोड डायल/क्लिक न करें। अपने व्हाट्सएप एवं अन्य सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें तथा किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।
साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन अथवा नजदीकी पुलिस थाना/साइबर सेल से संपर्क करें।